ओडिशा के केंद्रापड़ा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच NH-53 पर बड़ा हादसा हो गया। पारादीप-चंडीखोल मार्ग पर मार्शाघाई के नीलाचल बाजार के पास हाईवे का हाल ही में बनाया गया हिस्सा अचानक धंस गया। सड़क धंसने के दौरान वहां से गुजर रहे तीन ट्रक असंतुलित होकर पलट गए और सड़क किनारे की जमीन की ओर जा गिरे। घटना के वक्त हाईवे पर निर्माण कार्य भी चल रहा था। सड़क का नया हिस्सा अचानक नीचे बैठने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात प्रभावित हो गया। लगातार बारिश के बीच सड़क धंसने की घटना ने

हाईवे निर्माण की गुणवत्ता और मजबूती पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, सड़क धंसने की वास्तविक वजह को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। घटना की सूचना के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रभावित हिस्से को सुरक्षित करने और यातायात व्यवस्था बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से वाहन चालकों को इस हिस्से में सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

