पवित्र सावन महीने की पावन सोमवारी पर जामुड़िया के भाजपा विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने भूरी उत्तरेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। विधायक कंधे पर कांवड़ लेकर नंगे पैर अन्य श्रद्धालुओं के साथ मंदिर पहुंचे। इस दौरान श्रद्धालु “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष करते रहे। खराब मौसम के बावजूद डॉ. मुखर्जी की आस्था और उत्साह में कमी नहीं दिखी। मंदिर पहुंचकर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की और भगवान भोलेनाथ से जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे पश्चिम बंगाल के लोगों के सुख, शांति, समृद्धि एवं अच्छे स्वास्थ्य की

कामना की। डॉ. मुखर्जी ने कहा कि सावन में भगवान शिव का जलाभिषेक करने की विशेष धार्मिक मान्यता है। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ सरलता और भक्ति से ही प्रसन्न होते हैं। उन्होंने अपने विधायक बनने को भी भगवान शिव का आशीर्वाद बताते हुए कहा कि जनता की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। चिकित्सक होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने विशेष रूप से लोगों के स्वस्थ रहने की कामना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली की प्रार्थना की। सावन की सोमवारी पर भूरी उत्तरेश्वर मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

