हजारीबाग। अन्नदा महाविद्यालय में ड्रोन टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय पर आयोजित चार दिवसीय पूर्णकालिक कार्यशाला का सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन समारोह में कार्यशाला में शामिल प्रतिभागियों के बीच महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नीलमणि मुखर्जी ने प्रमाण-पत्र वितरित किए। कार्यशाला का आयोजन सीसीपीसी की समन्वयक डॉ. बिनिता कुमारी के पर्यवेक्षण और मार्गदर्शन में किया गया। चार दिनों तक चले प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को ड्रोन टेक्नोलॉजी, उसके व्यावहारिक उपयोग और संचालन के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस

की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षक विषु श्रीवास्तव और योगेश सिंह ने प्रतिभागियों को तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। समापन अवसर पर प्राचार्य डॉ. नीलमणि मुखर्जी ने कहा कि ड्रोन और एआई तेजी से उभरती तकनीकें हैं। विद्यार्थियों को इन तकनीकों से जोड़ना उनके कौशल विकास और भविष्य में रोजगार के अवसरों के लिए महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में डॉ. विवेक और डॉ. प्रेरणा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

