झामुमो प्रखंड कार्यालय, पाकुड़िया में रविवार को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धो कान्हु और दिशोम गुरु शिबू सोरेन सहित महापुरुषों की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।कार्यक्रम में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा, प्रखंड सचिव मैनुद्दीन अंसारी सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा ने आदिवासी समाज के लोगों को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज को एकजुट होकर अपनी एकता और अधिकारों के लिए मजबूती से आवाज उठानी होगी।

उन्होंने कहा कि मूलनिवासी आबादी के अधिकारों को बढ़ावा देने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस मनाया जाता है। प्रखंड सचिव मैनुद्दीन अंसारी ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समुदाय की उपलब्धियों, संस्कृति और योगदान को सम्मान देने का अवसर है। आदिवासी समाज ने पर्यावरण संरक्षण समेत वैश्विक स्तर के विभिन्न मुद्दों के समाधान में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कार्यक्रम में महेंद्र टुडू, कालिदास टुडू, कलम मुर्मू, अजीमुद्दीन अंसारी, सिबराम सोरेन, हाकिम अंसारी, बाबूरली मरांडी, मोईन आलम, मंजूर अंसारी, मनाफ अंसारी, सिकंदर अली, शाहजहां अंसारी, शिबजतन, नरेश हांसदा सहित झामुमो के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

