रक्षाबंधन पर भारतीय डाक विभाग की अभिनव पहल।

रक्षाबंधन पर भारतीय डाक विभाग की अभिनव पहल।

धनबाद मंडल में आयोजित होगी ‘राखी बनाओ और भेजो’ प्रतियोगिता विद्यार्थियों की रचनात्मकता को मिलेगा मंच, स्पीड पोस्ट से अपनों तक पहुँचेगी स्नेह की डोर। रक्षाबंधन के पावन पर्व को और अधिक यादगार एवं अर्थपूर्ण बनाने के उद्देश्य से भारतीय डाक विभाग, धनबाद मंडल द्वारा स्कूली विद्यार्थियों के लिए ‘राखी बनाओ और भेजो’ प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह पहल विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने, भारतीय संस्कृति एवं पारिवारिक मूल्यों को जोड़ने तथा भारतीय डाक विभाग की आधुनिक एवं विश्वसनीय सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
भारतीय डाक विभाग के मार्केटिंग अधिकारी एवं कर्मचारी विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी दे रहे हैं। साथ ही स्पीड पोस्ट के माध्यम से सुरक्षित एवं समयबद्ध तरीके से राखी भेजने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया जा रहा है।

इस प्रतियोगिता की सबसे खास बात यह है कि विद्यार्थी अपने हाथों से बनाई गई राखी को विद्यालय परिसर से ही स्पीड पोस्ट के माध्यम से अपने भाई, बहन अथवा अन्य प्रियजनों को भेज सकेंगे। यह पहल विद्यार्थियों को रचनात्मक अभिव्यक्ति के साथ-साथ डाक सेवाओं का व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करेगी।

प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु ₹70 का शुल्क निर्धारित किया गया है, जिसमें निम्नलिखित सुविधाएँ शामिल हैं-

₹55 – स्पीड पोस्ट शुल्क

₹10 – विशेष वाटरप्रूफ राखी लिफाफा

₹5 – प्रबंधन शुल्क

इस प्रकार प्रतिभागियों को एक ही शुल्क में राखी भेजने की संपूर्ण सुविधा उपलब्ध होगी।

वरिष्ठ डाक अधीक्षक, धनबाद मंडल ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर मंडल के 2 प्रधान डाकघर, 81 उप डाकघर तथा 244 शाखा डाकघरों (BOs) में विशेष वाटरप्रूफ राखी लिफाफों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। सभी डाकघरों में स्पीड पोस्ट के माध्यम से राखी की बुकिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
प्रस्तुत है सहयोगी संदीप दत्ता के साथ पंकज सिंहा की रिपोर्ट धनबाद से