पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी इलाके में तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से एक युवक की मौत के बाद जमकर बवाल हो गया। हादसे से नाराज लोगों ने बस में आग लगा दी और पुलिस की तीन गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया। इसके अलावा पुलिस चेक पोस्ट में आगजनी और कुछ बसों में तोड़फोड़ की गई। मौके पर पहुंची पुलिस और पत्रकारों पर भी भीड़ ने पथराव किया।

हालात बिगड़ने के बाद कई थानों की पुलिस और अतिरिक्त सुरक्षा बल को मौके पर तैनात किया गया। आग बुझाने पहुंची दमकल टीम को भी जाम और तनाव के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। हादसे के बाद मुख्य सड़क पर करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। कई स्कूल बसें भी जाम में फंस गईं। प्रशासन की टीमें प्रदर्शनकारियों को हटाकर यातायात सामान्य कराने में जुटी हैं। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण स्थिति के बीच हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं।

