लिट्टीपाड़ा में दामाद ने पत्नी और सास की धारदार हथियार से हत्या की |

लिट्टीपाड़ा में दामाद ने पत्नी और सास की धारदार हथियार से हत्या की |

पाकुड़। लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के झानागड़ीया गांव में घरेलू विवाद में दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। आरोप है कि घर जमाई एबरास अंसारी ने अपनी पत्नी और सास की धारदार हथियार से हत्या कर दी और फरार हो गया। जानकारी के अनुसार बिचामहल निवासी एबरास अंसारी ससुराल में रह रहा था। बुधवार देर रात विवाद के बाद उसने पहले 20 वर्षीय पत्नी गुलचेहरा बीवी पर हमला किया।

बीच-बचाव करने आई 45 वर्षीय सास मैनेजा बेवा पर भी उसने वार किया। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। बताया जा रहा है कि आरोपी मजदूरी कर दूसरे राज्य से उसी दिन लौटा था। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। मृतका की बहन नूरनेहा बीवी के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित हैं और छापेमारी जारी है। इस घटना में दो बेटियों और एक बेटे के सिर से मां और नानी का साया उठ गया।