पाकुड़ के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध विदेशी शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर करणघाटी गांव में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक आरोपी तारेश साहा को गिरफ्तार किया, जबकि उसका सहयोगी जितेन साहा फरार है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी घर के पीछे बनी झोपड़ी में अवैध रूप से विदेशी शराब तैयार कर उसकी खरीद-बिक्री कर रहे थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने रॉयल स्टैग की 100 खाली 180 एमएल और 40 खाली 375 एमएल बोतलें, शराब के स्टिकर, ढक्कन, सील स्टिकर, 20 भरी हुई बोतलें और करीब 20 लीटर स्प्रिट बरामद किया।
मामले में लिट्टीपाड़ा थाना कांड संख्या 44/26 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में
छापेमारी जारी है।

