पाकुड़ में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। उपायुक्त मेघा भारद्वाज के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी के नेतृत्व में हिरणपुर-पाकुड़-धूलियान मुख्य मार्ग स्थित टेकरीवाल पेट्रोल पंप के पास भारी वाहनों की जांच की गई। अभियान में सड़क सुरक्षा कर्मियों के साथ मुफस्सिल थाना पुलिस भी शामिल रही।

जांच के दौरान गिट्टी, चिप्स, डस्ट और अन्य निर्माण सामग्री ढोने वाले वाहनों में तिरपाल, ओवरलोडिंग, हाई बीम लाइट, प्रेशर हॉर्न, मानक नंबर प्लेट और प्रदूषण प्रमाण-पत्र समेत कई नियमों की जांच की गई। करीब 15 से 20 वाहनों की जांच में 12 वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। सभी के खिलाफ ऑनलाइन ई-चालान जारी किया गया। वाहन चालकों को एक सप्ताह के भीतर चालान जमा करने का निर्देश दिया गया।

