अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ले जा रहा ‘मरीन वन’ मिलिट्री हेलिकॉप्टर एक यात्री विमान के बेहद करीब पहुंच गया। यह घटना रोनाल्ड रीगन वॉशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट के पास हुई, जिसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम पर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के मुताबिक, ट्रंप का हेलिकॉप्टर व्हाइट हाउस से ज्वाइंट बेस एंड्रयूज के लिए रवाना हुआ था। उसी दौरान Envoy Air का एक पैसेंजर विमान भी एयरपोर्ट से उड़ान भर चुका था। दोनों विमान तय सुरक्षा दूरी से कम अंतर पर आ गए, हालांकि किसी भी तरह का हादसा नहीं हुआ और

राष्ट्रपति समेत सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे। व्हाइट हाउस ने साफ किया कि राष्ट्रपति को कभी कोई खतरा नहीं था। वहीं FAA और NTSB ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर चूक कहां हुई। गौरतलब है कि जनवरी 2025 में इसी इलाके में हुए विमान और हेलिकॉप्टर की टक्कर में 67 लोगों की मौत के बाद यहां सुरक्षा नियम पहले से और सख्त कर दिए गए थे।

