पश्चिम बंगाल में मस्जिदों के लाउडस्पीकर को लेकर नया विवाद सामने आया है। इंडियन सेक्युलर फ्रंट यानी ISF के विधायक नौशाद सिद्दीकी ने दावा किया है कि राज्य के कई इलाकों में पुलिस मस्जिद समितियों से लाउडस्पीकर और माइक्रोफोन हटाने के लिए कह रही है। उनका आरोप है कि जब समितियों ने इस संबंध में लिखित आदेश मांगा, तो पुलिस कोई आधिकारिक दस्तावेज नहीं दिखा सकी।

सिद्दीकी ने कहा कि अगर प्रशासन वास्तव में लाउडस्पीकर हटाना चाहता है, तो उसे पहले लिखित आदेश जारी करना चाहिए। उन्होंने लोगों से पुलिस या प्रशासन के साथ किसी भी तरह के टकराव से बचने की अपील की है।
ISF विधायक का कहना है कि अधिकांश मस्जिदों में लाउडस्पीकर तय डेसिबल सीमा के भीतर ही चलाए जाते हैं और नियमों के उल्लंघन पर पहले से कानूनी प्रावधान मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में उनकी पार्टी अदालत का रुख करेगी और राज्य के DGP को भी ईमेल के जरिए शिकायत भेजी गई है।

