छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भालू के हमले से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना नरहरपुर वन परिक्षेत्र के लारगांव मरकाटोला गांव की है। मृतकों की पहचान हलाल जुर्री (45) और उनकी बहन खोरीन बाई (40) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर भालू ने अचानक हमला कर दोनों भाई-बहन की जान ले ली। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद

ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है क्योंकि भालू अब भी गांव के आसपास मौजूद बताया जा रहा है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर लगातार निगरानी कर रही है और लोगों से जंगल की ओर न जाने तथा सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि भालू को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
