पाकुड़। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के बैनर तले समाहरणालय के समक्ष युवाओं के मुद्दों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन के वरिष्ठ नेता मार्क बास्की ने किया। धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने जेपीएससी और जेएसएससी में कथित धांधली की निष्पक्ष जांच, लंबित नियुक्तियों को शीघ्र पूरा करने, नियमित परीक्षा कैलेंडर जारी करने, रिक्त पदों पर बहाली और फील्ड वर्कर सहित युवाओं से जुड़े मुद्दे उठाए।

प्रदर्शन के बाद संगठन का शिष्टमंडल उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम 11 सूत्री मांगपत्र सौंपा और मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। धरने में बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, बुद्धिजीवी और संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं के अधिकार, रोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। नेताओं ने कहा कि JLKM आगे भी युवाओं और आम जनता के जनहित के मुद्दों को लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से उठाता रहेगा और जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाने का काम करता रहेगा।

