संसद परिसर में साधु के वेश में पहुंचकर कथित तौर पर चंदा चोरी का नाटक करने को लेकर सांसद पप्पू यादव विवादों में घिर गए हैं। इस मामले में बीजेपी ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। नई दिल्ली में बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने डीसीपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। वहीं वाराणसी के कोतवाली थाने में धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में पप्पू यादव के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। शिकायत में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के सांसद

अवधेश प्रसाद का भी नाम शामिल है। बांसुरी स्वराज ने आरोप लगाया कि इस प्रदर्शन से सनातन संस्कृति का उपहास उड़ाया गया है। उधर नागपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा और रांची में विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने पप्पू यादव के खिलाफ प्रदर्शन किया और पुतला दहन किया। संतों और हिंदू संगठनों ने इस पूरे घटनाक्रम की कड़ी निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग की है।

