कर्नाटक के विजयपुरा जिले में पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब कुछ अभ्यर्थियों ने OMR शीट और प्रश्न पत्र के सीरियल नंबर अलग होने पर परीक्षा का बहिष्कार कर दिया। यह घटना टिकोटा स्थित शारदाम्बा पीयू कॉलेज परीक्षा केंद्र की है। अधिकारियों के अनुसार, अभ्यर्थियों को समझाया गया कि KEA के नियमों के मुताबिक OMR शीट और प्रश्न पत्र के सीरियल नंबर का समान होना जरूरी नहीं है, केवल वर्जन कोड और पंजीकरण संख्या सही भरनी होती है। इसके बावजूद कुछ अभ्यर्थी प्रश्न पत्र लेकर परीक्षा हॉल से बाहर निकल

गए और बाद में दोबारा प्रवेश की कोशिश करने लगे। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने हस्तक्षेप कर भीड़ को नियंत्रित किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा हॉल से प्रश्न पत्र लेकर बाहर जाने वाले अभ्यर्थियों को दोबारा प्रवेश नहीं दिया जा सकता। वहीं, परीक्षा जारी रखने वाले अभ्यर्थियों को व्यवधान की भरपाई के लिए अतिरिक्त समय दिया गया। मामले की विस्तृत रिपोर्ट अब कर्नाटक परीक्षा प्राधिकरण को भेजी जाएगी।

