पाकुड़ पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मनिरामपुर गांव में छापेमारी कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि मनिरामपुर निवासी सत्तार शेख अपने घर से अवैध रूप से ब्राउन शुगर एवं अन्य मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। दल ने सत्तार शेख के घर पर छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद कुछ लोग भाग निकले, जबकि सत्तार शेख को मौके से पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके घर से 30 पुड़िया में पैक 6 ग्राम ब्राउन शुगर, 24 ग्राम गीला ब्राउन शुगर,

2,200 रुपये नकद, ब्राउन शुगर सेवन में प्रयुक्त उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, प्लास्टिक पाउच के छह बंडल, वीवो कंपनी का स्मार्टफोन तथा एक बंडल एल्यूमिनियम फॉयल बरामद किया गया। इस संबंध में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 104/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 तथा एनडीपीएस अधिनियम 1985 की धारा 21(ए) एवं 22(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले में संलिप्त बेलाल शेख और अब्दुल रौफ, दोनों निवासी चांदपुर, थाना शमशेरगंज, जिला मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। कार्रवाई में एसडीपीओ कुमार गौरव, मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार समेत मुफस्सिल थाना के कई पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

