कैमूर। शराबबंदी वाले बिहार में यूपी से पटना ले जाई जा रही शराब की बड़ी खेप को भभुआ पुलिस ने पकड़ा है। गुप्त सूचना पर भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार के नेतृत्व में जिगनी पुल के पास वाहन जांच की गई।
इस दौरान दुर्गावती की तरफ से आ रही एक अर्टिगा कार को रोककर तलाशी ली गई। कार से कुल 604 बोतल, 257.185 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से 35 हजार 400 रुपये नगद, 2 मोबाइल और कार को भी जब्त कर लिया।

गिरफ्तार तस्करों की पहचान प्रवीण कुमार और वाहन चालक राहुल कुमार के रूप में हुई है। दोनों पटना के पालीगंज थाना क्षेत्र के पिपरदाहा बंगला गांव के रहने वाले हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि शराब यूपी से खरीदकर पटना के पालीगंज में बेचने जा रहे थे।
एसडीपीओ ओम प्रकाश ने प्रेस वार्ता में बताया कि एसपी के निर्देश पर जिले में शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

