हजारीबाग। उपायुक्त हेमंत सती और अभिहित अधिकारी डॉ. शशि जायसवाल के निर्देश पर शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर में सघन जांच अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंजर हुसैन और अम्बरीश पांडे ने मेन रोड से गोला रोड तक दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सभी प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस, निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि देखी गई। गोला रोड स्थित राज कुमार संतोष कुमार प्रतिष्ठान में कृष्णा कच्ची घानी सरसों तेल की 910 ग्राम की 20 बोतलें और 500 ग्राम की 1 बोतल बिना समाप्ति तिथि के पाई गईं। खाद्य सुरक्षा

पदाधिकारियों ने सभी 21 बोतलें जब्त कर लीं। प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी। पदाधिकारियों ने सभी व्यवसायियों को बिना निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि वाली सामग्री नहीं बेचने की सख्त हिदायत दी। विभाग ने कहा कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य उपलब्ध कराने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

