हजारीबाग। उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देश पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने शनिवार को शहरी क्षेत्र के दाल-भात केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य लाभुकों को निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना था।
नया बस स्टैंड और पुराना बस स्टैंड स्थित केंद्रों में साफ-सफाई की कमी और योजना का बैनर नहीं मिला। संचालिकाओं ने बताया कि रात में बैनर उखाड़ दिए जाते हैं। इस पर स्थायी पेंट या सूचना बोर्ड लगाने का निर्देश दिया गया।

सदर अस्पताल स्थित केंद्र में लाभुकों का पंजी नहीं मिला। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए संचालिका को रिकॉर्ड संधारित करने को कहा गया।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने तीनों केंद्रों से 4 दिनों में सुधार का स्पष्टीकरण मांगा है। सुधार नहीं होने तक आवंटन में कटौती के भी निर्देश दिए। वहीं आश्रय गृह, मटवारी और कल्लू चौक केंद्रों का संचालन संतोषजनक पाया गया।
उन्होंने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को सभी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया।

