महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आयोजित कार्यक्रम में ‘भारत टैक्सी’ सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से टैक्सी चालकों को ड्राइवर किट वितरित कर नई सेवा की शुरुआत की।
कार्यक्रम में अक्षय केनी, सूरज नाइक, तुषार पाटिल, मिलिंद पाटिल, सिद्धार्थ कर्वे, सुदर्शन म्हात्रे, रोहिदास गायकवाड़ और प्रदीप म्हात्रे सहित कई ड्राइवरों को किट प्रदान की गई।

सरकार का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, भरोसेमंद और व्यवस्थित टैक्सी सेवा उपलब्ध कराना है। साथ ही टैक्सी चालकों को बेहतर सुविधाएं और संगठित परिवहन व्यवस्था से जोड़कर उनकी आजीविका को भी मजबूत करना है।
नई भारत टैक्सी सेवा से नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आने-जाने वाले यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।

