देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार 23 से 26 जुलाई के बीच गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। गुजरात और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं पूर्वी राजस्थान और उत्तराखंड में भी अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को अचानक बाढ़, भूस्खलन, जलभराव और यातायात बाधित होने की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। प्रशासन को भी अलर्ट पर रखा गया है और संवेदनशील इलाकों में राहत एवं बचाव एजेंसियां तैयार हैं। लोगों से मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।

