मतदाता सूची त्रुटिरहित बनाने को उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने किया बूथों का निरीक्षण, 23 से 25 जुलाई तक चलेगा विशेष अभियान पाकुड़। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे SIR कार्यक्रम के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मध्य विद्यालय नरोत्तमपुर के केंद्र संख्या 214-215, मध्य विद्यालय वल्लभपुर के केंद्र संख्या 434-435 और कीताझोर के केंद्र संख्या 398, 399 एवं 400 का दौरा कर बीएलओ-बीएलए-2 बैठक और चुनाव पाठशाला में भाग लिया।

इस दौरान उन्होंने एएसडी सूची, लंबित प्रपत्रों और घर-घर सत्यापन कार्यों की समीक्षा की। उपायुक्त ने कहा कि SIR अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ना और अपात्र नाम हटाकर सूची को शुद्ध बनाना है। जिन पात्रों का सत्यापन नहीं हुआ है उनके लिए 23 से 25 जुलाई तक विशेष अभियान चलाकर घर-घर संपर्क किया जाएगा। उन्होंने बीएलओ और बीएलए-2 को आपसी समन्वय से काम करने और लंबित मामले समय पर निपटाने का निर्देश दिया। कहा कि एक भी पात्र मतदाता छूटे नहीं इसके लिए विशेष कैंप भी लगाए जाएंगे।

