रानीगंज के तिलक रोड स्थित सावित्री बालिका विद्यालय में बुधवार को शिक्षकों की कथित देरी से उपस्थिति को लेकर विवाद खड़ा हो गया।भाजपा,अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) तथा भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी कई शिक्षक-शिक्षिकाएं विद्यालय नहीं पहुंचे थे, जिससे नियमित रूप से कक्षाएं शुरू नहीं हो सकीं। उनका कहना था कि कई छात्राएं विद्यालय परिसर में बिना निगरानी के मौजूद थीं, जिससे सुरक्षा और शैक्षणिक व्यवस्था पर भी प्रश्नचिह्न खड़े होते हैं। निरीक्षण के दौरान एबीवीपी के गौतम महतो, भाजपा ओबीसी मोर्चा रानीगंज मंडल के अध्यक्ष पिंटू कुमार वर्मन, उपाध्यक्ष संजय सिंह, एबीवीपी

के सदस्य तथा बजरंग दल के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। गौतम महतो और पिंटू कुमार वर्मन ने कहा कि शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समय पर उपस्थिति और नियमित कक्षाओं का संचालन छात्रों के भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने शिक्षा विभाग से विद्यालयों में शिक्षकों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की मांग की। वहीं, विद्यालय में मौजूद शिक्षिकाओं ने अपनी सफाई में कहा कि कई शिक्षक-शिक्षिकाएं दूरदराज के क्षेत्रों से प्रतिदिन विद्यालय आती हैं, जिसके कारण यातायात संबंधी समस्याओं की वजह से कभी-कभी विलंब हो जाता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में समयपालन को लेकर विशेष सावधानी बरती जाएगी। विद्यालय प्रशासन ने भी स्पष्ट किया कि शिक्षिकाओं के देर से पहुंचने का कारण दूरस्थ क्षेत्रों से आवागमन था। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
