सालानपुर थाना की पहल पर रक्तदान शिविर |

सालानपुर थाना की पहल पर रक्तदान शिविर |

आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के सालानपुर थाना की पहल एवं सामाजिक संस्था ‘उज्जीवन’ के सहयोग से बुधवार को रूपनारायणपुर के ऐतिहासिक नांदनिक हॉल में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। ‘यूनिटी इन वेन्स (रगों में एकता)’ थीम पर आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर का संचालन आसनसोल जिला अस्पताल ब्लड सेंटर की मेडिकल टीम ने किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन एसीपी कुल्टी एस.के. जावेद हुसैन ने किया। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी हमेशा अग्रणी भूमिका निभाती है। ऐसे आयोजन पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास और सहयोग को मजबूत करते हैं।

सालानपुर थाना प्रभारी विश्वजीत मंडल ने बताया कि शिविर का प्रारंभिक लक्ष्य 75 यूनिट रक्त संग्रह का था, लेकिन लोगों के उत्साह को देखते हुए लक्ष्य से अधिक रक्त संग्रह होने की उम्मीद है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए इसे जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

शिविर में रूपनारायणपुर चौकी प्रभारी सुमंगल सरकार और कल्याणेश्वरी चौकी प्रभारी पार्थ सरकार ने रक्तदाताओं को बैज पहनाकर सम्मानित किया। वहीं, ‘उज्जीवन’ संस्था के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। आसनसोल जिला अस्पताल ब्लड सेंटर के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

स्थानीय नागरिकों, पुलिसकर्मियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से यह रक्तदान शिविर सामाजिक एकता, जनसेवा और मानवीय संवेदनाओं का प्रेरणादायी उदाहरण बन गया।