हजारीबाग। मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में 18-19 जुलाई की रात हुए स्टोरकीपर विकास कुमार सिंह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सदर एसडीपीओ ने प्रेस वार्ता में बताया कि हत्या के पीछे त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग और आपसी ईर्ष्या मुख्य कारण थे।
पुलिस के अनुसार मृतक विकास कुमार सिंह और आरोपी पवन कुमार दास दोनों डेंटल कॉलेज में कर्मचारी थे। कॉलेज की मेस में काम करने वाली एक युवती को लेकर दोनों के बीच तनाव था। आरोपी को शक था कि युवती उससे दूरी बनाकर विकास के करीब आ गई है।

घटना की रात आरोपी ने विकास को शराब पिलाकर उसके कमरे में लात-घूंसों से हमला कर दिया। विकास हृदय रोगी था और उसके शरीर में पेसमेकर लगा था। चोट के कारण उसकी मौत हो गई।
एसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी ने फोरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पवन कुमार दास को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उसके पास से मोबाइल भी बरामद हुआ है। मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 117/26 दर्ज कर जांच जारी है।

