रांची पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर अपहरण के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए पांच साल की बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। मामला नगड़ी थाना क्षेत्र के दलादली टॉप अंतर्गत सप्रोम इलाके का है, जहां 16 जुलाई को फिरौती के लिए बच्ची का अपहरण किया गया था।
सूचना मिलते ही रांची पुलिस की टीम ने टेक्निकल ब्रांच की मदद से बिहार के गया जिले में 30 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की। इसके बाद गया जंक्शन के पास एक होटल से बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी पीड़ित परिवार के घर के पास किराए पर रहता था। उसने पैसों के लालच में बच्ची को बहला-फुसलाकर गया ले गया और परिवार से तीन लाख रुपये की फिरौती मांगते हुए बच्ची की हत्या की धमकी दी। फिलहाल बच्ची सुरक्षित अपने परिवार के पास लौट आई है और पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

