छत्तीसगढ़ विधानसभा में विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि यह प्रस्ताव सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि प्रदेश की तीन करोड़ जनता के जनादेश और विश्वास के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि विधानसभा, लोकसभा और नगरीय निकाय चुनावों में जनता ने विकास, सुशासन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर भरोसा जताया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने किसानों के लिए 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना, गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना और युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास जैसे कई बड़े फैसले लागू किए हैं। उन्होंने आदिवासी कल्याण, नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई, निवेश, औद्योगिक विकास, ऊर्जा, डिजिटल सेवाओं और ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य में 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं और सुशासन के जरिए छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का समर्थन सरकार के साथ मजबूती से बना हुआ है।
