झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कृषि विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आधुनिक तकनीक आधारित खेती को बढ़ावा दिया जाए और किसानों के समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ना है। उन्होंने अधिकारियों से किसान समृद्धि योजना का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी रणनीति बनाने और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा।

हेमंत सोरेन ने जोर देकर कहा कि कृषि क्षेत्र को मजबूत किए बिना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति नहीं दी जा सकती। इसलिए किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि राज्य में कृषि विकास और किसानों की समृद्धि को नई दिशा मिल सके।

