उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बौंडी थाना क्षेत्र के टिकुरी गांव में घाघरा नदी में मगरमच्छ ने 12 वर्षीय मासूम सुनील पर हमला कर उसे देखते ही देखते गहरे पानी में खींच लिया। बताया जा रहा है कि धान की रोपाई के बाद सुनील अपने चाचा के साथ नदी में हाथ-पैर धो रहा था।

तभी अचानक मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया। चाचा और आसपास मौजूद ग्रामीणों ने ईंट-पत्थर फेंककर और नदी में उतरकर करीब सात मिनट तक बच्चे को बचाने की कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ उसे लेकर गहरे पानी में चला गया। करीब पांच घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद घटनास्थल से लगभग 300 मीटर दूर सुनील का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। वन विभाग के अनुसार मगरमच्छ ने बच्चे के शरीर के निचले हिस्से को गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया था। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है, जबकि वन विभाग मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटा है।

