हजारीबाग में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत शुक्रवार को कटकमदाग और कटकमसांडी प्रखंड की किशोरियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देश पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी के देखरेख में यह कार्यक्रम झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, कटकमदाग और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कटकमसांडी में हुआ।

कार्यक्रम में किशोरियों को साइबर सुरक्षा, इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मासिक धर्म स्वच्छता, बाल विवाह मुक्त भारत और सखी वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक शाश्वती घोषाल ने कानूनी, चिकित्सीय और मनोसामाजिक सहायता के बारे में बताया। DHEW की अनुसूया कुमारी ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला हेल्पलाइन 181 का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उल्लेखनीय है कि 17 से 30 जुलाई तक जिले के सभी बालिका आवासीय विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में सीडीपीओ, शिक्षकगण और नीति आयोग के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

