हजारीबाग समाहरणालय में शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त हेमन्त सती ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। बड़ी संख्या में लोगों ने भूमि विवाद, म्यूटेशन, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, मंईया सम्मान योजना, मुआवजा भुगतान, रोजगार और सड़क जैसी आधारभूत सुविधाओं से जुड़े आवेदन सौंपे। उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को नियमानुसार जांच कर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि कार्रवाई में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही बरती जाए। उन्होंने अधिकारियों को जनहित के मामलों में अनावश्यक विलंब न करने और पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर देने को कहा। साथ ही शिकायतों के निपटारे में मानवीय दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया। जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। उपायुक्त ने प्रगति की नियमित समीक्षा करने का भी निर्देश दिया।

