कटकमसांडी प्रखंड के पबरा पंचायत भवन में शुक्रवार को किसान-मजदूर नेता एवं पूर्व मुखिया कामरेड सीताराम मेहता की 10वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उपस्थित लोगों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड किसान सभा और झारखंड विस्थापित संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष सह पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा कि कामरेड सीताराम मेहता ने जीवनभर किसानों और मजदूरों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। वे सीपीआई के सक्रिय सदस्य और हजारीबाग जिला किसान सभा के तीन बार जिला अध्यक्ष रहे। उनका संघर्ष और सादगी आज भी समाज के लिए प्रेरणा है।

जिला परिषद अध्यक्ष उमेश प्रसाद मेहता और झारखंड स्वतंत्रता सेनानी विचार मंच के अध्यक्ष बटेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा कि उनके आदर्शों को अपनाकर सामाजिक न्याय और समानता की लड़ाई आगे बढ़ानी होगी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सीपीएम, सीपीआई के जिला सचिव, जनप्रतिनिधि, मुखिया, किसान, मजदूर और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

