तेलंगाना के पेड्डापल्ली जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो यानी ACB ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम के सहायक अभियंता को ₹2 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान अधिकारी के घर से ₹32.31 लाख की बेहिसाबी नकदी भी बरामद हुई।

ACB के अनुसार, सहायक अभियंता कल्लेपल्ली सतीश कुमार ने एक ठेकेदार के ₹12.28 लाख के अंतिम बिल को आगे बढ़ाने और स्वीकृति के लिए ₹2 लाख की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने पर करीमनगर ACB यूनिट ने जाल बिछाकर आरोपी को उसके आवास से रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद तलाशी अभियान में ₹32.31 लाख की बेहिसाबी नकदी बरामद की गई। आरोपी को हिरासत में लेकर विशेष ACB अदालत, करीमनगर में पेश किया गया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

