‘पढ़ेगा भारत, बढ़ेगा भारत’ के संदेश के साथ डीपीएस में पी.एन. पनिक्कर राष्ट्रीय पठन एवं डिजिटल पठन माह का आयोजन संपन्न हुआ। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के निर्देशानुसार 19 जून से 18 जुलाई तक चले इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए कई ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम की शुरुआत भारत में पुस्तकालय आंदोलन के जनक माने जाने वाले पी.एन. पनिक्कर को श्रद्धांजलि देकर की गई। विद्यार्थियों को उनके जीवन और

पुस्तकालय आंदोलन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई तथा पढ़ने की आदत और पुस्तकालय के महत्व से अवगत कराया गया। विद्यालय परिसर में रीडिंग अवेयरनेस रैली, पठन संकल्प, क्विज़, कविता वाचन और शब्दावली विकास जैसी गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। विद्यालय के निदेशक अरुणेंद्र कुमार ने कहा कि पुस्तकें ज्ञान और व्यक्तित्व विकास का सबसे सशक्त माध्यम हैं, जबकि प्रधानाचार्य जे.के. शर्मा ने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन की आदत अपनाने का आह्वान किया।

