दुर्गापुर स्टील प्लांट (डीएसपी) में शुक्रवार रात ब्लास्ट फर्नेस क्षेत्र में कार्य के दौरान हुए हादसे में 26 वर्षीय ठेका श्रमिक शेख शाहिदुल की झुलसने से मौत हो गई। वह दुर्गापुर के आरती गांव के निवासी थे। हादसे के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से आक्रोशित सहकर्मियों ने प्लांट के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन करते हुए सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित

मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने प्लांट के संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई। दुर्गापुर स्टील प्लांट प्रबंधन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
