प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शनिवार को न्यूजीलैंड के ऑकलैंड स्थित गवर्नमेंट हाउस में पारंपरिक माओरी ‘पोव्हिरी’ समारोह के साथ भव्य स्वागत किया गया। यह समारोह न्यूजीलैंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति और विरासत का प्रतीक माना जाता है।
स्वागत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा कि इस सम्मान से वह गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने माओरी परंपरा को न्यूजीलैंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भावुक और प्रेरणादायक प्रतीक बताया।

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की द्विपक्षीय वार्ता हुई। दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश और रणनीतिक सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते को दोनों देशों के रिश्तों में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए इसके लिए प्रधानमंत्री लक्सन का आभार व्यक्त किया।
अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी प्रमुख उद्योगपतियों, खेल जगत की हस्तियों और भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। यह यात्रा भारत और न्यूजीलैंड के संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

