मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी के टिकट को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद उनके समर्थकों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन इतना उग्र हो गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर कई घंटों तक चक्का जाम रहा और पुलिस तथा प्रदर्शनकारियों के बीच पथराव की घटना हुई।
पुलिस के अनुसार, हालात को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए, जबकि एक समर्थक ने आत्मदाह का प्रयास भी किया, जिसे समय रहते रोक लिया गया।

दतिया के जिला मजिस्ट्रेट स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि करीब 12 घंटे तक हाईवे जाम रहा, जिससे बसें और एक एम्बुलेंस भी फंस गई। वहीं एसपी मयूर खंडेलवाल के मुताबिक, करीब 3 हजार प्रदर्शनकारियों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की और पुलिस पर पथराव किया, जिसमें छह से अधिक जवान घायल हुए।
फिलहाल पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है, ट्रैफिक बहाल कराया जा रहा है और पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

