तेलंगाना सरकार ने राज्य को देश का नया स्पोर्ट्स हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा के साथ हैदराबाद में गाचीबौली स्पोर्ट्स डिस्ट्रिक्ट और यंग इंडिया फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी यानी YIPESU का उद्घाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी की दौड़ में है और तेलंगाना चाहता है कि इन खेलों की मेजबानी का अवसर हैदराबाद को

मिले। उन्होंने बताया कि 82 एकड़ में विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी और स्पोर्ट्स अकादमी विकसित की जाएगी, जिसका उद्घाटन 2028 तक करने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को हरसंभव सुविधाएं, उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सरकारी नौकरी और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल संरचना उपलब्ध कराने का भी भरोसा दिया। कार्यक्रम में राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को 7.15 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि भी वितरित की गई।

