आसनसोल। पश्चिम बंगाल की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने गुरुवार को आसनसोल नगर निगम में ‘मुखा-मुखी संवाद’ कार्यक्रम के तहत आम नागरिकों की समस्याएं सीधे फोन पर सुनीं। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने सड़क, पेयजल, जल निकासी, साफ-सफाई सहित विभिन्न नागरिक समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। मंत्री ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि

प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ताओं को भी दी जाए। इस दौरान कार्यक्रम में जिलाधिकारी, नगर निगम की नवनियुक्त आयुक्त समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों को दर्ज कर उनके समाधान की प्रक्रिया शुरू कर दी। इस पहल को नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

