देश में E-20 पेट्रोल को लेकर बहस तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने 29 ऑटोमोबाइल कंपनियों को पत्र लिखकर पुराने वाहनों में E-20 पेट्रोल के इस्तेमाल पर जवाब मांगा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने कहा कि यदि E-20 पेट्रोल से पुराने वाहनों की माइलेज कम होती है या इंजन व अन्य पुर्जों को नुकसान पहुंचता है, तो कंपनियां इसकी जिम्मेदारी लें और ग्राहकों को मुआवजा दें।

उन्होंने दावा किया कि कुछ कंपनियों के सार्वजनिक बयानों और उनके ओनर मैनुअल में विरोधाभास है। वहीं, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इन आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा कि E-20 पेट्रोल को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है और वाहन निर्माता कंपनियां भी इसे सुरक्षित बता चुकी हैं। सरकार का लक्ष्य देशभर में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को चरणबद्ध तरीके से लागू करना है।

