उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सादाबाद में आलू की गिरती कीमतों को लेकर किसानों का गुस्सा सड़क पर नजर आया। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले किसानों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन करते हुए ‘आलू की अंतिम शव यात्रा’ निकाली। यह यात्रा आगरा रोड स्थित चौधरी चरण सिंह स्मारक से शुरू हुई, जिसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। किसानों का कहना है कि आलू की लागत भी नहीं निकल पा रही है और उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं

मिल रहा। प्रदर्शन के बाद किसानों ने सादाबाद विधायक प्रदीप चौधरी से मुलाकात कर अपनी समस्याएं बताईं और ज्ञापन सौंपा। विधायक ने किसानों की मांगों को उचित बताते हुए उन्हें सरकार के समक्ष उठाने और समाधान का प्रयास करने का आश्वासन दिया। किसानों ने सरकार से जल्द राहत और फसल का लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने की मांग की है।

