महाराष्ट्र के पुणे में पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका के मोशी कचरा डिपो परिसर में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया, जब एक तीन मंजिला इमारत का स्लैब अचानक ढह गया। हादसे के वक्त इमारत के भीतर कर्मचारी लंच कर रहे थे, जिससे अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती आशंका थी कि करीब 15 लोग मलबे में फंस गए हैं। सूचना मिलते ही दमकल, आपदा प्रबंधन और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

पिंपरी-चिंचवड़ के मेयर रवि लांडगे ने बताया कि दो लोग खुद बाहर निकल आए, जबकि बाकी सभी लोगों को रेस्क्यू टीमों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की मौत नहीं हुई। यह घटना ऐसे समय हुई है जब महाराष्ट्र में लगातार भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंच रहा है।

