धनबाद की सियासत में सांसद ढुलू महतो और विधायक अरूप चटर्जी के बीच कथित धमकी विवाद के बाद अब वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान की एंट्री हो गई है। सोशल मीडिया पर वायरल एक नए ऑडियो में प्रिंस खान ने दावा किया है कि उसने न तो सांसद ढुलू महतो को धमकी दी और न ही विधायक अरूप चटर्जी को।

ऑडियो में वह कहता सुनाई दे रहा है कि दोनों नेता बेवजह उसका नाम घसीट रहे हैं और उनका आपसी विवाद उससे जुड़ा नहीं है। प्रिंस ने यह भी कहा कि यदि वह किसी को धमकी देता है तो खुले तौर पर नाम लेकर देता है। साथ ही उसने सांसद ढुलू महतो की तारीफ करते हुए दावा किया कि उन्होंने कई कोयला माफियाओं पर कार्रवाई की है। हालांकि, वायरल ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। इससे पहले विधायक अरूप चटर्जी और सांसद ढुलू महतो एक-दूसरे पर धमकी दिलाने के आरोप लगा चुके हैं।

