पाकुड़ में कांग्रेस प्रदेश महासचिव डॉ. तनवीर आलम के आवास पर नगर कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, जनसंपर्क अभियान तेज करने और जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। डॉ. तनवीर आलम ने कहा कि कांग्रेस हमेशा गरीबों, किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों की आवाज रही है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनने और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक में सड़क, पेयजल, बिजली, स्वच्छता समेत स्थानीय जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर भी जोर दिया गया। साथ ही युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और आगामी दिनों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने की रणनीति पर भी चर्चा की गई। बैठक में नगर कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

