हजारीबाग के बॉटम बाजार रोड स्थित दिगंबर जैन मंदिर परिसर में रविवार को नवनिर्मित मुनि श्री 108 प्रमाण सागर सभागार का भव्य उद्घाटन किया गया। समारोह में चंद्र प्रकाश जैन ने फीता काटकर सभागार का लोकार्पण किया। यह गरिमामय कार्यक्रम पूज्य मुनिश्री 108 सुयश सागर जी महाराज एवं पूज्य मुनिश्री 108 कौशल्य सागर जी महाराज के सान्निध्य में संपन्न हुआ। उद्घाटन के दौरान पूरा मंदिर परिसर जयघोषों से भक्तिमय हो उठा।

इस अवसर पर दिगंबर जैन पंचायत के पदाधिकारियों ने चंद्र प्रकाश जैन एवं उनके परिवार का सम्मान किया। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस सभागार में लगभग 800 से 1000 लोगों के बैठने की क्षमता है। अपने संबोधन में चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि इस पावन अवसर पर सभागार का उद्घाटन करना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। वहीं मुनिश्रियों ने अपने प्रवचनों में धर्म, संस्कार, सदाचार और मानव जीवन के मूल्यों पर चलने का संदेश दिया।

