पाकुड़ जिले के उभरते क्रिकेटर प्रियांशु कुमार का चयन झारखंड अंडर-19 राज्य क्रिकेट टीम के प्रशिक्षण शिविर के लिए हुआ है, जिससे जिले में खुशी का माहौल है। प्रियांशु जिला प्रशासन और बीजीआर माइनिंग इंफ्रा लिमिटेड के संयुक्त प्रयास से संचालित क्रिकेट प्रशिक्षण केंद्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। इससे पहले भी वह बीसीसीआई की विजय मर्चेंट ट्रॉफी में झारखंड अंडर-16 टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर 5 जुलाई से 18 जुलाई तक रांची में आयोजित होगा, जहां चयनित खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने प्रियांशु को खेल किट देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही प्रशिक्षक रणबीर सिंह रानू को भी सम्मानित किया गया। जिला खेल पदाधिकारी ने प्रियांशु को पूरी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ प्रशिक्षण शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं देते हुए रवाना किया।

