हजारीबाग जिले के केरेडारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार को एक दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित इस शिविर में स्वास्थ्य कर्मियों, युवाओं और समाजसेवियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान 10 लोगों ने एक-एक यूनिट रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए योगदान दिया।

चिकित्सा प्रभारी डॉ. अंजुम नफीस ने कहा कि समय पर रक्त उपलब्ध होने से कई मरीजों की जान बचाई जा सकती है और स्वस्थ व्यक्ति को नियमित अंतराल पर रक्तदान करना चाहिए। वहीं डॉ. विनय कुमार ने लोगों से आगे भी ऐसे शिविरों में भाग लेने और रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की। शिविर के दौरान सभी आवश्यक स्वास्थ्य जांच और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया तथा रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

