हजारीबाग के उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में खेल विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और खेल अधोसंरचना को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। बैठक में कर्जन ग्राउंड स्थित खेल कार्यालय परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराने और शूटिंग रेंज व तीरंदाजी के लिए आधुनिक इनडोर स्टेडियम की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

उपायुक्त ने तीरंदाजी खिलाड़ियों के लिए तत्काल 10 नए तीरंदाजी बोर्ड उपलब्ध कराने और कर्जन मैदान के आधुनिकीकरण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं डीएमएफटी मद से बैडमिंटन कोच की नियुक्ति करने को भी कहा गया। इसके अलावा 12 और 13 जुलाई को जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित करने तथा विजेताओं को ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र और नगद पुरस्कार देने का निर्देश दिया गया। साथ ही 29 अगस्त राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेल सप्ताह मनाने का भी निर्णय लिया गया।

