समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज 53 साल के हो गए हैं। इस मौके पर उन्हें देशभर से शुभकामनाएं मिल रही हैं। खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं और प्रभु श्रीराम से उनके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना की।

बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच तीखी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के बावजूद यह संदेश राजनीतिक शिष्टाचार की मिसाल माना जा रहा है। 1 जुलाई 1973 को सैफई में जन्मे अखिलेश यादव साल 2012 में उत्तर प्रदेश के सबसे युवा मुख्यमंत्री बने थे और 2012 से 2017 तक प्रदेश की कमान संभाली। अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर सपा को सत्ता में लाने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है।

