महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक पूर्व छात्र ने स्कूल के अंदर अपने ही टीचर पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के मुताबिक, 17 वर्षीय छात्र 9वीं कक्षा में फेल होने के बाद ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) लेने स्कूल पहुंचा था। इसी दौरान टीचर विशाल फ्रांसिस दुसिंग से उसकी कहासुनी हो गई।

आरोप है कि गुस्से में छात्र ने चाकू निकालकर टीचर के पेट में वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल टीचर को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्र को लगता था कि टीचर ने जानबूझकर उसे फेल किया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और यह जांच की जा रही है कि हमला पहले से सुनियोजित था या अचानक हुए विवाद का नतीजा।

